फिलहाल, इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है
आसनसोल। आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत जसीडीह-मधुपुर के बीच रोहिणी-नावाडीह रेलवे फाटक पर गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। इस हादसे मे ट्रेन संख्या 13510 गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस ट्रेन और चावल से भरे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना में ट्रक के साथ ट्रेन का इंजन और दाे बाइक क्षतिग्रस्त हाे गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ समय के लिए हावड़ा-पटना मुख्य रेल मार्ग पर डाउन और अप ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई। साथ ही रेलवे फाटक के दाेनाें तरफ सड़क यातायात भी बाधित हाे गया। घटना सुबह करीब 9:38 बजे की बताई जा रही है। हालांकि, सुबह करीब 10:55 में अप लाइन को चालू कर दिया गया। इसके बाद आसनसोल-झाझा पैसेंजर ट्रेन को पास किया गया।
वही, गेटमैन पंकज कुमार का कहना है कि ट्रैफिक अधिक होने के कारण ट्रेन को सिग्नल नहीं दिया गया था। इसके बावजूद इसके डाउन लाइन पर गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस आ गई और फाटक पर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन और ट्रक की टक्कर के दौरान ट्रक की चपेट में दो मोटरसाइकिलें भी आ गईं। राहत की बात यह रही कि मोटरसाइकिल सवार मौके से किसी तरह भाग कर जान बचायी। फिलहाल, इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लाेगाें का कहना है कि अगर ट्रेन की रफ्तार कुछ और अधिक होती, तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के कई आलाधिकारी सहित रेलवे सुरक्षा बल माैके पर पहुंच गए थे।